21 फरवरी को धूमधाम से मनाया जाएगा जमुई जिला का स्थापना दिवस
जमुई जिला का स्थापना दिवस आगामी 21 फरवरी को पूरे हर्षोल्लास एवं भव्यता के साथ मनाया जाएगा। इसको लेकर शनिवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में जिलाधिकारी श्री नवीन की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में निर्णय लिया गया कि जिला स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजन सह सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही जिला मुख्यालय, समाहरणालय एवं सभी अधीनस्थ सरकारी कार्यालयों को नीली रोशनी एवं रंग-बिरंगी झालरों से आकर्षक रूप में सजाया जाएगा।
जिलाधिकारी ने जानकारी दी कि इस अवसर पर प्रभात फेरी, स्वच्छता अभियान, विकास-सह-किसान मेला एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि जिला स्थापना दिवस के साथ-साथ समाजवादी नेता एवं स्वतंत्रता सेनानी स्वर्गीय श्री कृष्ण सिंह की जयंती भी मनाई जाएगी। कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए उप विकास आयुक्त, जमुई की अध्यक्षता में एक आयोजन समिति का गठन किया गया है।
कार्यक्रम के अनुसार, प्रभात फेरी सुबह 7:00 बजे निकाली जाएगी, जिसमें विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं भाग लेंगे। इसके बाद स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा, जिसमें नगर परिषद जमुई, झाझा एवं सिकंदरा अपने-अपने क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाएंगी।
पूर्वाह्न 10:00 बजे स्वर्गीय श्री कृष्ण सिंह की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी। इसके उपरांत 10:15 बजे पूर्वाह्न श्री कृष्ण सिंह मेमोरियल स्टेडियम, जमुई में जिला स्थापना दिवस समारोह का औपचारिक शुभारंभ किया जाएगा।
इस अवसर पर एक दिवसीय विकास-सह-किसान मेला का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें चिकित्सा विभाग, कृषि विभाग, शिक्षा विभाग, आईसीडीएस, जिला ग्रामीण विकास अभिकरण, जिला जल एवं स्वच्छता समिति, पीएचईडी, मद्य निषेध विभाग, जीविका, दिव्यांग जनशक्तिकरण शाखा, निर्वाचन शाखा एवं जिला आपदा प्रबंधन शाखा द्वारा अपने-अपने स्टॉल लगाए जाएंगे। सभी स्टॉल पूर्वाह्न 9:00 बजे से कार्यक्रम की समाप्ति तक आमजन के लिए खुले रहेंगे।














Leave a Reply