Trendingworldnews.in

सबसे तेज खबर

Advertisement

बिहार में होली पर अश्लील गानों और तेज डीजे पर सख्त रोक, हर अनुमंडल में क्यूआरटी तैनात; संवेदनशील जिलों में विशेष चौकसी

बिहार में होली पर अश्लील गानों और तेज डीजे पर सख्त रोक, हर अनुमंडल में क्यूआरटी तैनात; संवेदनशील जिलों में विशेष चौकसी

पटना। होली के त्योहार को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से बिहार पुलिस मुख्यालय ने राज्यभर में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था के निर्देश जारी किए हैं। इस बार होली के मौके पर अश्लील गाने बजाने, तेज आवाज में डीजे चलाने और त्योहार के नाम पर हुड़दंग या उन्माद फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मुख्यालय ने सभी जिलों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष तैयारी करने को कहा है।

सोमवार को पुलिस मुख्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में अपर पुलिस महानिदेशक (विधि-व्यवस्था) पंकज कुमार दराद ने बताया कि राज्य के सभी जिलों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। साथ ही वज्र वाहन, वाटर कैनन और लाठी फोर्स की भी व्यवस्था की गई है, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से तत्काल निपटा जा सके।


अनुमंडल स्तर तक क्यूआरटी की तैनाती

एडीजी दराद ने बताया कि जिला मुख्यालयों के साथ-साथ अनुमंडल स्तर पर भी क्यूआरटी (क्विक रिस्पॉन्स टीम) गठित कर तैनात की गई है। जिन जिलों या क्षेत्रों में पिछले वर्ष होली के दौरान दंगा-फसाद या तनाव की घटनाएं हुई थीं, वहां विशेष सतर्कता बरती जा रही है। ऐसे संवेदनशील स्थानों पर क्यूआरटी की अतिरिक्त तैनाती की गई है, ताकि किसी भी सूचना पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।


झूमटा जुलूस वाले जिलों में विशेष निगरानी

उन्होंने बताया कि अरवल, नवादा और गया जैसे जिलों में होली के अवसर पर झूमटा जुलूस निकालने की परंपरा रही है। इसे देखते हुए इन जिलों में विशेष चौकसी के निर्देश दिए गए हैं।

स्पष्ट किया गया है कि बिना लाइसेंस कोई भी जुलूस नहीं निकाला जाएगा। सभी थानों को निर्देश दिया गया है कि जुलूस के प्रस्तावित रूट का भौतिक सत्यापन करने के बाद ही लाइसेंस जारी किया जाए। पिछले वर्ष गया में 142, नवादा में 81 और अरवल में 12 झूमटा जुलूसों को लाइसेंस दिए गए थे। इस वर्ष भी प्रशासन उसी आधार पर निगरानी व्यवस्था मजबूत कर रहा है।


रमजान को लेकर अतिरिक्त एहतियात

एडीजी ने कहा कि इस समय रमजान का महीना भी चल रहा है। ऐसे में होलिका दहन और रंग-अबीर खेलने के दौरान विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी भी प्रकार की सांप्रदायिक संवेदनशीलता प्रभावित न हो। सभी जिलों को सोशल मीडिया और इंटरनेट मीडिया प्लेटफॉर्म पर कड़ी निगरानी रखने के लिए कहा गया है। किसी भी प्रकार के आपत्तिजनक पोस्ट, अफवाह या भड़काऊ सामग्री पर तुरंत सख्त कार्रवाई की जाएगी।


पिछले वर्ष 50 घटनाएं, इस बार विशेष सतर्कता

पुलिस मुख्यालय के अनुसार, पिछले वर्ष होली के दौरान राज्य में कुल 50 घटनाएं दर्ज की गई थीं। इनमें सबसे अधिक 12 घटनाएं रोहतास में हुई थीं। इसके अलावा नवादा में सात, पटना में छह तथा मुंगेर और सीतामढ़ी में दो-दो घटनाएं दर्ज की गई थीं। इन आंकड़ों को देखते हुए इन जिलों में अतिरिक्त बल और निगरानी की व्यवस्था की गई है।

सभी जिलों के कंट्रोल रूम को सीधे पुलिस मुख्यालय के कंट्रोल रूम से जोड़ा गया है, ताकि किसी भी छोटी-बड़ी घटना पर तत्काल प्रतिक्रिया दी जा सके।


1.32 लाख लोगों पर निरोधात्मक कार्रवाई

होली को ध्यान में रखते हुए फरवरी माह में व्यापक निरोधात्मक कार्रवाई की गई है। राज्यभर में 1 लाख 32 हजार 824 व्यक्तियों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई की गई है। वहीं 265 लोगों के विरुद्ध सीसीए (क्रिमिनल कंट्रोल एक्ट) के तहत कार्रवाई के लिए संबंधित जिलाधिकारियों को प्रस्ताव भेजा गया है।

फरवरी महीने में हत्या के 379, डकैती के 63, लूट के 146, एससी-एसटी एक्ट के 309 तथा अपहरण समेत अन्य मामलों में कुल 5459 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।


हथियार, कारतूस और शराब की बड़ी बरामदगी

हाल के विशेष अभियानों के दौरान पुलिस ने 373 अवैध हथियार और 2186 कारतूस बरामद किए हैं। साथ ही 94 हजार 674 वाहनों की जांच की गई, जिसमें 10 हजार 593 वाहनों का चालान करते हुए एक करोड़ 58 लाख 32 हजार रुपये से अधिक की राशि वसूली गई।

शराबबंदी कानून के तहत भी कार्रवाई तेज रही। इस दौरान 53 हजार लीटर विदेशी और लगभग 70 हजार लीटर देसी शराब जब्त की गई है।


शांतिपूर्ण होली की अपील

पुलिस मुख्यालय ने आम लोगों से अपील की है कि वे होली का पर्व आपसी भाईचारे और शांति के साथ मनाएं। त्योहार के नाम पर अश्लीलता, हुड़दंग या कानून हाथ में लेने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का कहना है कि कानून-व्यवस्था से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *