गिद्धेश्वर पहाड़ से एसएसबी को बड़ी सफलता, हथियार व नक्सली सामग्री बरामद
लठवा पहाड़ क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन, देशी हथियार, गोला-बारूद और नक्सली वर्दी जब्त
जमुई। गिद्धेश्वर पहाड़ क्षेत्र में सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) को नक्सल विरोधी अभियान में बड़ी सफलता हाथ लगी है। 16वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, जमुई के ‘ए’ समवाय, परासी को 2 फरवरी 2026 को विश्वसनीय आसूचना प्राप्त हुई थी कि गिद्धेश्वर रेंज अंतर्गत लठवा पहाड़ इलाके में अज्ञात नक्सलियों द्वारा अवैध रूप से हथियार और कारतूस छिपाकर रखे गए हैं। एसपी के द्वारा इसकी सूचना आज मंगलवार को दी गई है।
प्राप्त सूचना के आधार पर 16वीं वाहिनी के कमांडेंट श्री अनिल कुमार पठानिया के निर्देशन में एक विशेष तलाशी अभियान दल का गठन किया गया। इस अभियान दल का नेतृत्व समवाय कमांडर सहायक कमांडेंट मनु सिंह बेनीवाल ने किया। तलाशी दल में एसएसबी के 20 जवानों के साथ स्थानीय पुलिस थाना गरही के आरक्षी संतोष कुमार भी शामिल थे।
सर्च ऑपरेशन के दौरान गिद्धेश्वर रेंज के लठवा पहाड़ से भारी मात्रा में हथियार और नक्सली उपयोग की सामग्री बरामद की गई। बरामद सामानों में 12 बोर लॉन्ग बैरल देशी बंदूक (नट न होने के कारण बट खुला हुआ) 01 नग, लॉन्ग बैरल मस्कट (नट न होने से बट खुला हुआ) 01 नग, देशी कट्टा (18 इंच) 01 नग शामिल है। इसके अलावा आयरन चेक वाल्व (एक साइड से बंद), जिनका उपयोग डायरेक्शनल माइन बनाने में किया जा सकता था, कुल 20 नग बरामद किए गए हैं।
इसके साथ ही नक्सलियों की 02 सेट वर्दी, प्लास्टिक तारपोलिन 01 नग, दवाइयों सहित फर्स्ट एड किट 01 नग, सर्दी की चादर 01 नग, एक बैग तथा 01 स्टील प्लेट भी जब्त की गई है।
एसएसबी द्वारा सभी हथियारों एवं सामग्री को सुरक्षात्मक उपायों के साथ पहाड़ से बाहर निकालते हुए अग्रिम कानूनी कार्रवाई के लिए गरही थाना में जमा कर दिया गया है। इस संबंध में पुलिस द्वारा आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
एसएसबी अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में नक्सल गतिविधियों पर लगातार कड़ी निगरानी रखी जा रही है। सुरक्षा बलों की सतर्कता और सक्रियता के कारण नक्सलियों की साजिशों को समय रहते विफल किया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व भी सशस्त्र सीमा बल द्वारा जिले में चलाए गए नक्सल विरोधी अभियानों के दौरान हथियार और गोला-बारूद की बरामदगी की जा चुकी है।













Leave a Reply