करणगढ़ उप स्वास्थ्य केंद्र की बदहाल हालत: ग्रामीणों ने खुद संभाली सफाई की जिम्मेदारी, प्रशासन से की सुधार की मांग
जमुई जिले के चकाई प्रखंड के करणगढ़ गांव स्थित उप स्वास्थ्य केंद्र की स्थिति बेहद चिंताजनक बनी हुई है। लंबे समय से उपेक्षा का शिकार यह स्वास्थ्य केंद्र कचरे और गंदगी से भरा हुआ था, जिससे यहां आने वाले मरीजों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।
जब हालात ज्यादा खराब हो गए, तब गांव के जागरूक ग्रामीणों और कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर (CHO) ने खुद आगे आकर सफाई अभियान चलाया और पूरे स्वास्थ्य केंद्र परिसर को साफ किया। ग्रामीणों की इस पहल ने प्रशासनिक लापरवाही पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, स्वास्थ्य केंद्र में बुनियादी सुविधाओं का घोर अभाव है। केंद्र का मुख्य गेट नहीं है, बाथरूम पूरी तरह से जर्जर और उपयोग के लायक नहीं है, चापाकल खराब पड़ा है और भवन की दीवारें भी टूट-फूट की स्थिति में हैं। इसके अलावा, यहां मरीजों के लिए न तो बेड की कोई व्यवस्था है और न ही नियमित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो पा रही हैं।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि एएनएम (ANM) समय पर केंद्र पर नहीं आती हैं। हाजिरी रजिस्टर को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं—ग्रामीणों का कहना है कि रजिस्टर केंद्र पर ही रखा रहता है और उपस्थिति भी स्वयं दर्ज कर ली जाती है, जिससे पारदर्शिता पर संदेह होता है।

वहीं, स्थानीय प्रबंधन से जुड़े के.के. मिश्रा और नवनीत द्वारा फंड की कमी का हवाला दिया जा रहा है। इस पर ग्रामीणों ने सवाल उठाते हुए पूछा है कि अगर फंड नहीं है तो अब तक मिले संसाधनों का उपयोग कहां हुआ।
ग्रामीणों में इस स्थिति को लेकर गहरी नाराजगी है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द स्वास्थ्य केंद्र की मरम्मत कराई जाए, आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं और नियमित साफ-सफाई व निगरानी की पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।














Leave a Reply