गिद्धौर प्रखंड के दिग्विजय सिंह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एक महिला होमगार्ड जवान द्वारा पत्रकार के साथ दुर्व्यवहार का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, संगीता कुमारी नामक होमगार्ड अस्पताल की सुरक्षा में तैनात हैं। कुछ दिन पहले एक पत्रकार खबर के सिलसिले में अस्पताल पहुंचे थे, जहां उन्होंने ड्यूटी के दौरान होमगार्ड को सोते हुए पाया और इस संबंध में खबर प्रकाशित की।
बताया जा रहा है कि इस खबर से नाराज़ होकर शुक्रवार को जब वही पत्रकार फिर से अपने नियमित कार्य के तहत अस्पताल पहुंचे, तो संगीता कुमारी ने उनसे बहस शुरू कर दी। बहस के दौरान उन्होंने पत्रकार से अभद्र भाषा का प्रयोग किया और कहा कि खबर छपने से उनका कुछ नहीं बिगड़ेगा। उन्होंने यह भी कहा कि वह इसी तरह ड्यूटी करती रहेंगी और किसी से नहीं डरतीं, साथ ही अपने प्रभावशाली संपर्कों का भी जिक्र किया। इतना ही नहीं, उन्होंने पत्रकार को अप्रत्यक्ष रूप से धमकी भी दी।
इस दौरान बीच-बचाव करने आए अन्य कर्मचारियों के साथ भी उन्होंने अनुचित व्यवहार किया। मामले को लेकर सिविल सर्जन अशोक कुमार सिंह ने कहा कि इस संबंध में विभागीय इंस्पेक्टर को सूचित किया जाएगा। वहीं, अस्पताल के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. नरोत्तम कुमार सिंह ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में है और वे इस संबंध में वरिष्ठ अधिकारियों को लिखित शिकायत भेजकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे।












Leave a Reply