Trendingworldnews.in

सबसे तेज खबर

Advertisement

नियम ताक पर: गिद्धौर उप डाकघर में कर्मचारियों की मनमानी से लोग परेशान

गिद्धौर उप डाकघर में स्पीड पोस्ट सेवा को लेकर कर्मचारियों की मनमानी सामने आई है, जिससे आम लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय उपभोक्ताओं का आरोप है कि डाकघर में निर्धारित सरकारी समय-सारणी का पालन नहीं किया जा रहा, बल्कि कर्मचारी अपनी सुविधा के अनुसार काम कर रहे हैं।

जानकारी के मुताबिक, शनिवार को डाकघर पहुंचे कई ग्राहकों को यह कहकर लौटा दिया गया कि हाफ डे होने के कारण स्पीड पोस्ट बुकिंग केवल दोपहर 12 बजे तक ही होगी। वहीं, सामान्य दिनों में भी यह सेवा अधिकतम दोपहर 2 बजे तक ही सीमित कर दी जाती है, जिसके बाद आने वाले लोगों को अगले कार्यदिवस में आने की सलाह देकर वापस भेज दिया जाता है।

इस मामले में एक जागरूक नागरिक द्वारा सूचना का अधिकार (आरटीआई) के तहत डाक विभाग से जानकारी मांगी गई। आरटीआई के जवाब में स्पष्ट किया गया कि डाकघरों में रजिस्ट्री और स्पीड पोस्ट सेवा सोमवार से शुक्रवार सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक तथा शनिवार को सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक उपलब्ध रहनी चाहिए। इसके बावजूद गिद्धौर उप डाकघर में इन नियमों का पालन नहीं किया जा रहा है।

स्थिति और भी चिंताजनक तब दिखी, जब डाकघर परिसर में कहीं भी कार्य समय से संबंधित कोई आधिकारिक सूचना या टाइम टेबल बोर्ड नहीं मिला। इसके कारण खासकर दूर-दराज से आने वाले लोगों को निराश होकर लौटना पड़ता है।

इस पूरे मामले ने डाक विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। उपभोक्ताओं ने मांग की है कि गिद्धौर उप डाकघर में निर्धारित समय-सारणी का सख्ती से पालन कराया जाए, सूचना बोर्ड लगाया जाए और कर्मचारियों की मनमानी पर रोक लगाई जाए, ताकि आम जनता को बेहतर और पारदर्शी सेवाएं मिल सकें।

वहीं, इस संबंध में गिद्धौर उप डाकघर के पोस्टमास्टर नागेंद्र कुमार ने कहा कि उन्हें इस तरह की किसी समस्या की जानकारी नहीं है। उन्होंने बताया कि यदि इस संबंध में जिला स्तर पर लिखित शिकायत की जाती है, तो उचित कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *