लखीसराय में महिला फुटबॉल चैंपियनशिप: बेगूसराय की दमदार जीत, 5-0 से नवादा को हराया
लखीसराय के केआरके मैदान में आयोजित राज्यस्तरीय सीनियर महिला फुटबॉल चैंपियनशिप के दूसरे दिन बेगूसराय और नवादा के बीच मुकाबला खेला गया। इस मैच में बेगूसराय की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए नवादा को 5-0 से हराकर अगले दौर में जगह बना ली।
70 मिनट के इस मुकाबले में बेगूसराय की टीम शुरू से ही हावी रही। मैच के 15वें मिनट में जर्सी नंबर 10 की खिलाड़ी सुरुचि कुमारी ने पहला गोल कर टीम को बढ़त दिलाई। इसके बाद 28वें मिनट में कौशिकी कुमारी (जर्सी नंबर 7) ने दूसरा गोल कर स्कोर 2-0 कर दिया।
मध्यांतर के बाद भी बेगूसराय का आक्रमण जारी रहा। 45वें मिनट में कौशिकी कुमारी ने अपना दूसरा गोल दागकर टीम को 3-0 की मजबूत बढ़त दिलाई। 55वें मिनट में सुरुचि कुमारी ने एक और गोल कर स्कोर 4-0 कर दिया। इसके तुरंत बाद 56वें मिनट में सिम्मी कुमारी (जर्सी नंबर 11) ने पांचवां गोल कर टीम की जीत पक्की कर दी।
मैच में बेहतरीन प्रदर्शन के लिए कौशिकी कुमारी को ‘वूमेन ऑफ द मैच’ चुना गया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. पंकज कुमार, 20 सूत्री उपाध्यक्ष दीपक कुमार सिंह और नगर परिषद सभापति अरविंद पासवान उपस्थित रहे। मैच में मुख्य रेफरी दीपक कुमार थे, जबकि सहायक रेफरी के रूप में हरेंद्र यादव और रजी अमर ने भूमिका निभाई। चौथे रेफरी सुरेश महतो रहे।
कॉमेंट्री का जिम्मा पूर्णेन्दु शेखर और कंचन केसरी ने संभाला। आयोजन को सफल बनाने में परशुराम यादव, प्रेम सदन पप्पू, मंटू नटराज, आयोजन समिति के अध्यक्ष अभिषेक पटेल, जिला फुटबॉल एसोसिएशन के अध्यक्ष दीपक सिंह, सचिव बबलू शर्मा, महिला फुटबॉल एसोसिएशन की अध्यक्ष जूली यादव, सचिव सविता शर्मा, कोषाध्यक्ष शाहनवाज आलम, संजय कुमार, आयोजन समिति के सचिव केदार यादव और वरिष्ठ खिलाड़ी नवल मंडल सहित कई लोगों का सराहनीय योगदान रहा।














Leave a Reply