जमुई में बकाया टैक्स पर सख्ती: 15 वाहन ब्लैकलिस्ट, परिवहन विभाग की बड़ी कार्रवाई
जमुई जिले में बकाया वाहन कर नहीं चुकाने वालों के खिलाफ परिवहन विभाग ने कड़ा रुख अपनाया है। जिला पदाधिकारी श्री नवीन (भा.प्र.से.) के निर्देश पर चलाए गए अभियान के तहत जिला परिवहन पदाधिकारी श्री सुनील कुमार ने 15 बड़े बकायादार वाहनों को तत्काल प्रभाव से ब्लैकलिस्ट कर दिया है।
यह कार्रवाई उन वाहन मालिकों पर की गई है, जिन्होंने विभाग द्वारा बार-बार नोटिस दिए जाने और संपर्क करने के बावजूद अपने बकाया कर का भुगतान नहीं किया। विभाग की ओर से पहले पंजीकृत डाक और मोबाइल के माध्यम से इन वाहन स्वामियों को सूचित किया गया था, लेकिन लंबे समय तक कोई संतोषजनक प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर सख्त कदम उठाया गया।
ब्लैकलिस्ट किए गए वाहनों में मुख्य रूप से बसें और मालवाहक वाहन शामिल हैं। इस निर्णय के बाद अब ये वाहन फिटनेस सर्टिफिकेट प्राप्त नहीं कर पाएंगे, न ही इनके परमिट का नवीनीकरण या स्वामित्व हस्तांतरण संभव होगा।
जिला परिवहन कार्यालय ने साफ किया है कि आगे भी कर चोरी या भुगतान में लापरवाही करने वाले वाहन स्वामियों के खिलाफ इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी। विभाग ने सभी वाहन मालिकों से समय पर टैक्स जमा करने की अपील की है, ताकि किसी भी प्रकार की कानूनी परेशानी से बचा जा सके।













Leave a Reply