चार दिनों से लापता टेंट व्यवसायी कुंदन की बरामदगी की गुहार
अपहरण की आशंका, आक्रोशित ग्रामीणों ने एसपी को सौंपा आवेदन
बरहट (जमुई): जमुई जिले के लक्ष्मीपुर प्रखंड अंतर्गत गुढ़ालोहा गांव से एक हृदयविदारक मामला सामने आया है, जहां चार दिनों से लापता टेंट व्यवसायी युवक कुंदन कुमार की बरामदगी के लिए परिजनों ने पुलिस अधीक्षक (एसपी) का दरवाजा खटखटाया है। शुक्रवार को बेबस पिता विजय मंडल अपने बेटे की तस्वीर सीने से लगाकर एसपी कार्यालय पहुंचे और न्याय की गुहार लगाते हुए फफक पड़े। परिजनों और दर्जनों ग्रामीणों ने पुलिस अधीक्षक विश्वजीत दयाल को लिखित आवेदन सौंपकर कुंदन की शीघ्र और सकुशल बरामदगी की मांग की है।
परिजनों के मुताबिक, घटना 20 तारीख की है जब कुंदन अहले सुबह एक शादी समारोह में साउंड संचालन के लिए घर से निकला था। अंतिम बार सुबह करीब तीन बजे उसकी किसी परिचित से बात हुई थी, जिसमें उसने मटिया मोहल्लापुर से चार पहिया वाहन से लौटने की बात कही थी। इसी बीच उसने अपनी बाइक की चाबी भी एक परिचित को सौंपी थी, लेकिन उसके तुरंत बाद उसका मोबाइल फोन बंद हो गया। तब से कुंदन का कोई सुराग नहीं मिल सका है, जिससे परिवार किसी अनहोनी या अपहरण की आशंका से डरा हुआ है।
ग्रामीणों और परिजनों ने पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि लापता युवक का मोबाइल डेटा बीच-बीच में सक्रिय हो रहा है, जो किसी साजिश की ओर इशारा करता है, फिर भी पुलिस द्वारा ठोस तकनीकी जांच नहीं की गई। ग्रामीणों में इस बात को लेकर गहरा आक्रोश है कि यदि मोबाइल लोकेशन और सर्विलांस का सही समय पर उपयोग किया जाता, तो अब तक युवक का पता चल सकता था।
फिलहाल, एक लाचार पिता और पूरा गांव प्रशासनिक पहल की उम्मीद में एसपी कार्यालय के बाहर टकटकी लगाए बैठा है।

तस्वीर लेकर एसपी दफ्तर में फफक पड़ा बेबस पिता













Leave a Reply