जिला पदाधिकारी ने जमुई में बिजली, पानी और स्वास्थ्य सेवाओं की बेहतरी को लेकर की समीक्षा बैठक, अधिकारियों को 24×7 सतर्क रहने का निर्देश
जमुई:
जिले में बढ़ते तापमान और संभावित हीटवेव के खतरे को देखते हुए जिला पदाधिकारी श्री नवीन (भा.प्र.से.) ने अपने कार्यालय में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। बैठक में पेयजल आपूर्ति, स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता, निर्बाध बिजली आपूर्ति तथा आगलगी की घटनाओं की रोकथाम जैसे अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
इस दौरान सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े और उन्हें अपने-अपने क्षेत्रों में उत्पन्न समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
पेयजल संकट पर चर्चा करते हुए जिला पदाधिकारी ने गिरते भू-जल स्तर और नल-जल योजना को लेकर मिल रही शिकायतों पर चिंता जताई। उन्होंने पीएचईडी के कार्यपालक अभियंता को निर्देश दिया कि संकटग्रस्त और संभावित प्रभावित क्षेत्रों की पहचान कर शीघ्र आवश्यक कदम उठाए जाएं।
बिजली व्यवस्था की समीक्षा करते हुए उन्होंने जर्जर तारों को बदलने और खराब ट्रांसफार्मरों की प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत कराने का निर्देश दिया, ताकि गर्मी के मौसम में निर्बाध बिजली आपूर्ति बनी रहे और शॉर्ट सर्किट से होने वाली आग की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में जिला पदाधिकारी ने कड़ा रुख अपनाया। सिविल सर्जन को अस्पतालों में पर्याप्त दवाएं उपलब्ध कराने, चिकित्सकों की उपस्थिति सुनिश्चित करने और साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही, एम्बुलेंस में ईंधन खत्म होने से मरीज की मृत्यु की घटना पर उन्होंने गहरी नाराजगी जताते हुए दोषियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने का आदेश दिया और कहा कि आपात स्थिति में मानवीय संवेदनाएं सर्वोपरि होनी चाहिए।
इसके अलावा, श्रम अधीक्षक को विभिन्न प्रतिष्ठानों में बाल श्रम की रोकथाम के लिए सघन जांच अभियान चलाने और नियमित रूप से रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया।
बैठक के अंत में जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जनता की मूलभूत आवश्यकताओं—बिजली, पानी और स्वास्थ्य—को लेकर प्रशासन पूरी तरह गंभीर है। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी प्रकार की लापरवाही पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस बैठक में उप विकास आयुक्त श्री सुभाष चंद्र मंडल, अपर समाहर्ता श्री रविकांत सिन्हा, अपर समाहर्ता (विभागीय जांच) श्री बालमुकुंद प्रसाद सहित कई वरीय अधिकारी उपस्थित रहे।













Leave a Reply